एयर इंडिया ने वंदे भारत चरण-3 के लिए बुकिंग शुरू की, टिकटों की भारी मांग
नई दिल्ली: एयर इंडिया ने वंदे भारत मिशन के चरण-3 के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका और ब्रिटेन सहित विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए बुकिंग की शुरुआत की। इस चरण में लगभग 300 फ्लाइट के लिए बुकिंग की गई। यात्रियों की “अत्यधिक” मांग के कारण एयर इंडिया को दो घंटे में वेबसाइट पर छह करोड़ हिट मिले।
कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर कहा गया कि एयर इंडिया की वेबसाइट खुल नहीं रही है और शुरुआती कुछ घंटों में ही अधिकांश टिकट बिक जा रहे हैं। एयर इंडिया ने शाम 5 बजे अपनी बुकिंग खोली। विक्की रवि नाम के एक यात्री ने ट्वीट किया, “मैं पिछले एक घंटे से फ्लाइट बुक करने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन वेबसाइट क्रैश हो गई। कृपया बुकिंग में मेरी मदद करें।”
मनदीप कौर नामक एक अन्य यात्री ने कहा कि वेबसाइट “बहुत धीमी है और सिस्टम क्रैश हो रहा है”। कई अन्य यात्रियों को एयर इंडिया की बुकिंग प्रणाली के बारे में इसी तरह की शिकायत थी। एयर इंडिया वंदे भारत मिशन के चरण 3 के दौरान 10 जून से 1 जुलाई के बीच यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन और अफ्रीका के लिए लगभग 300 उड़ानों का संचालन करेगी।
एयर इंडिया ने शुक्रवार को ट्विटर पर 8.20 बजे पोस्ट किया: “#MissionVandeBharat के तीसरे चरण के तहत यूएसए, कनाडा, ब्रिटेन और यूरोप आदि के चुनिंदा स्थलों के लिए बुकिंग आज शाम 5 बजे खुली। हमारी वेबसाइट पर शाम 7 बजे तक लगभग 60 मिलियन हिट्स प्राप्त हुए और 1700 सीटें बिकीं। अकेले वेबसाइट के माध्यम से 2 घंटे में। बुकिंग जारी है और टिकट जारी किए जा रहे हैं।”
इसके जवाब में, सरथ मेदसानी नाम के एक यात्री ने ट्विटर पर कहा, “क्या मतलब है, @airindiain जब आपकी वेबसाइट होम पेज से नेविगेशन पर 10 मिनट ले रही है। यह 2जी का समय नहीं है, दुनिया प्रौद्योगिकियों का उपयोग कर विकसित हो रही है, लेकिन आप लोग अभी भी पुराने समय से अटके हुए हैं।”
नवनीत कुमार नाम के एक अन्य यात्री ने जवाब दिया, “क्या आप उन लोगों का भी पता कर सकते हैं जोकि टिकट बुक नहीं कर पाए? लोग @airindiain सेवा से निराश हो रहे हैं? यदि आपका सिस्टम 2 घंटे की विंडो में केवल 1700 अनुरोधों को संसाधित कर सकता है तो आप 60M हिट्स का क्या करेंगे?”
दो महीने बंद रहने के बाद 25 मई को घरेलू यात्री उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं जबकि भारत में अभी तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पूरी तरह बंद हैं। वंदे भारत मिशन के तहत, एयर इंडिया और उसकी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 7 मई से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उड़ानों को संचालित करना शुरू कर दिया, ताकि विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाया जा सके। पहला चरण 7 मई से 16 मई तक था, जिसके बाद दूसरा चरण शुरू हुआ। 7 मई से 1 जून के बीच एयर इंडिया ने मिशन के तहत कुल 423 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का संचालन किया है, जिससे 58,867 भारतीय नागरिक वापस देश लौट आए हैं।
The post एयर इंडिया ने वंदे भारत चरण-3 के लिए बुकिंग शुरू की, टिकटों की भारी मांग appeared first on News 24.
source https://hindi.news24online.com/business/air-india-opens-bookings-for-vande-bharat-phase-3-faces-high-demand/17023/
Comments
Post a Comment