उड्डयन मंत्री ने बताया, कब से शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
नई दिल्ली: देश में कोरोना के कारण 24 मार्च से लगाए लग लॉकडाउन के बाद से कई सेवाएं पूरी तरह से बंद हैं। हालांकि कुछ सेवाओं को अनलॉक के अंतर्गत खोल दिया गया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन फिर से शुरू करने पर कोई निर्णय नहीं किया गया है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, “हम अंतरराष्ट्रीय उड़ान फिर से शुरू करने के लिए अन्य देशों पर निर्भर हैं।” कोरोना वायरस महामारी के बीच दो महीने के बाद भारत ने 25 मई से घरेलू यात्री उड़ानों को फिर से शुरू किया। जबकि अंतर्राष्ट्रीय यात्री उड़ानें अभी भी निलंबित हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, “हम अंतरराष्ट्रीय उड़ान को फिर से शुरू करेंगे, लेकिन जब तक दूसरे देशों के एयरपोर्ट नहीं खुलते हैं तो हम यह नहीं कर सकते। हमें विदेशी उड़ान के लिए दूसरे देशों के खुलने पर निर्भर रहना पड़ेगा। तब तक हम विदेशों में फंसे भारतीयों की स्वदेश वापसी के लिए सीमित उड़ानें जारी रखेंगे।” उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान विदेशों में फंसे 2,75,000 भारतीयों को विमानों और जहाजों के जरिये स्वदेश लाया गया है।
नागरिक उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह खारोला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए दो देशों को तैयार रहना होगा। अगर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुरू किया जाता है तो इसके लिए ट्रैफिक भी होना चाहिए। भारत और उत्तर अमेरिका महाद्वीप के बीच अच्छा खासा ट्रैफिक है। हम केस टू केस बेसिस पर उड़ानें शुरू करने के बारे में विचार कर सकते हैं।
इस हफ्ते की शुरुआत में पुरी ने कहा था कि आने वाले महीनों में अंतरराष्ट्रीय यात्रा को फिर से शुरू करने से संबंधित निर्णय लिया जा सकता है, जब घरेलू हवाई यातायात अपनी पूर्व-कोविडक्षमता का 50-55 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा और अन्य राज्य इस स्थिति में होंगे कि आने वाले यात्रियों की अधिक संख्या को अवशोषित करने के लिए।
बता दें कि भारत ने कोरोना के प्रकोप को रोकने के लिए 22 मार्च को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद घरेलू उड़ानों पर भी रोक लगाई गई थी। कुछ सीमित रूटों पर घरेलू उड़ानों को 25 मई से इजाजत दे दी गई, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध जारी है। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4 लाख के करीब पहुंच गई है।
The post उड्डयन मंत्री ने बताया, कब से शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें appeared first on News 24.
source https://hindi.news24online.com/business/no-decision-on-resuming-international-flights-hardeep-puri-says-depends-on-other-countries/20027/
Comments
Post a Comment